प्रीलिम्स में क्वालीफाई कर चुके उम्मीदवार मेन्स में लेंगे भाग
संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा को पास कर चुके लगभग 13 हजार उम्मीदवार अब यूपीएससी सीएसई मेन्स एग्जाम में भाग लेने के पात्र होंगे। आयोग की ओर से सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2022 के लिए जल्द ही प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस साल लगभग 11.52 लाख उम्मीदवारों ने किया था आवेदन
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों का चयन करने के लिए आयोग द्वारा सालाना सिविल सेवा परीक्षा तीन चरणों - प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार में आयोजित की जाती है। एक अधिकारी ने कहा कि इस साल लगभग 11.52 लाख लोगों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है और 13,090 उम्मीदवारों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है।
अधिकारी वर्ग के 1,022 पदों पर होगा चयन
यूपीएससी ने अपनी वेबसाइट www.upsc.gov.in पर एक विस्तृत सूची डाली है जिसमें परीक्षा में सफल घोषित किए गए उम्मीदवारों के रोल नंबर का उल्लेख है। अधिकारी ने कहा कि शुरुआत में, सिविल सेवा परीक्षा 2022 के माध्यम से कुल 861 रिक्तियों को भरने की मांग की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 1,022 कर दिया गया है।
UPSC द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि सभी सफल उम्मीदवारों को सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा 2022 के लिए विस्तृत आवेदन पत्र- I (DAF-I) में फिर से आवेदन करने के लिए कहा गया है। आयोग ने कहा कि डीएएफ-1 को भरने और इसे जमा करने की तारीखों और महत्वपूर्ण निर्देशों की घोषणा आयोग की वेबसाइट पर नियत समय पर की जाएगी।