354 पदों के लिए 2.74 लाख परीक्षार्थियों में से 4,830 सफल
यूपीपीएससी ने बताया कि आरओ-एआरओ भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा में कुल 5,59,155 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। जबकि परीक्षा में कुल 2,74,702 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। इस परीक्षा में चयन हेतु कुल 354 पद शामिल हैं। उक्त पदों के सापेक्ष मुख्य परीक्षा हेतु कुल 4,830 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा हेतु ऑनलाइन आवेदन और परीक्षा शुल्क जमा करने की प्रक्रिया के संबंध में अलग से सूचना जारी की जाएगी।
प्राप्तांक तथा श्रेणीवार कट ऑफ अंक फाइनल रिजल्ट के बाद
प्रश्न गत परिणाम से संबंधित प्राप्तांक तथा श्रेणीवार कट ऑफ अंक अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के उपरान्त आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित कर दिए जाएंगे तथा इसकी सूचना प्रमुख समाचार पत्रों में भी प्रकाशित की जाएगी। परीक्षा परिणाम पूर्णतया औपबंधिक है। अतः इस संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के अंतर्गत से प्रार्थना-पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे और न ही उन पर विचार किया जाएगा। मुख्य परीक्षा हेतु कार्यालय उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा विस्तृत विज्ञप्ति अलग से जारी की जाएगी।