संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी के लिए कम से कम किताबों का इस्तेमाल करें और ज्यादा-से-ज्यादा बार पढ़े। सफलता का यह मंत्र यूपीएससी सिविल सेवा 2018 की परीक्षा में 316वीं रैंक हासिल कर दिल्ली पुलिस में एसीपी पद पर कार्यरत आईपीएस लक्ष्य पांडेय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है। उन्होंने अपना स्टडी मटेरियल, परीक्षा की रणनीति और प्रमुख युक्तियाें की सूची साझा की है। अगर आप भी यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं तो यह युक्तियां आपके लिए मददगार साबित हो सकती हैं। पढ़िए…
भारतीय और विश्व भूगोल की तैयारी ग्यारहवीं कक्षा की एनसीईआरटी से करें। मानव और भौतिक भूगोल के लिए गोह चेंग लेओंग की किताब खरीदें। वहीं राजनीति के लिए लक्ष्मीकांत, पर्यावरण के लिए शंकर आईएएस के नोट्स, आधुनिक इतिहास के लिए राजीव अहीर द्वारा स्पेक्ट्रम और अर्थशास्त्र के लिए श्री राम आईएएस के नोट्स व बारहवीं कक्षा की एनसीईआरटी से भारतीय अर्थशास्त्र की तैयारी करें। बता दें पर्यावरण, विज्ञान व प्रौद्योगिकी, अंतरराष्ट्रीय संबंध और अर्थशास्त्र के ज्यादातर सवाल सामयिकी से पूछे जाते हैं।
रोजाना अपने दिन की शुरुआत न्यूजपेपर से करें। प्रतिदिन 45 से 60 मिनट तक अखबार पढ़ें। पहले-पहले 4-5 घंटे का समय अपनी पढ़ाई को दें। उसके बाद धीरे-धीरे पढ़ने का समय बढ़ाकर 8-9 करें। अपने आपको सब चीजों से अलग करने की जरूरत नहीं है। पढ़ाई के बाद दौड़ने, दोस्तों व परिवार वालों के साथ घूमने जाइए। सब कीजिए लेकिन टाइम-टेबल के हिसाब से।
यूपीएससी की तैयारी के लिए सीधे कोचिंग न जॉइन करें। सबसे पहले सेल्फ स्टडी के माध्यम से पूरा पाठ्यक्रम पढ़िए, उसके बाद जरूरत लगने पर कोचिंग सेंटर जाएं। एक ही विषय के लिए बहुत सारी किताबें न पढ़ें। एक घंटे से ज्यादा का समय अखबार पढ़ने में न बिताएं।