यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने स्पेशलिस्ट ऑफिसर भर्ती परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। इस परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट Unionbankofindia.co.in पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। बता दें कि प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की अंतिम तिथि 9 अक्तूबर 2021 निर्धारित की गई है। गौरतलब है कि इस भर्ती परीक्षा के जरिए यूबीआई एसओ के 347 पदों पर आवेदकों की भर्ती की जाएगी।
2 घंटे की होगी परीक्षा
यूबीआई एसओ परीक्षा देश भर के परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। यूबीआई एसओ परीक्षा कोविड -19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए 2 घंटे की अवधि के लिए आयोजित की जाएगी। स्पेशलिस्ट ऑफिसर भर्ती परीक्षा में अंग्रेजी भाषा, रीजनिंग, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और प्रोफेशनल नॉलेज विषय से 200 अंकों से सवाल पूछे जाएंगे। उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए कि परीक्षा में नकारात्मक अंकन है। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.25 अंक काटे जाएंगे। यदि उम्मीदवारों द्वारा कोई प्रश्न खाली छोड़ दिया जाता है तो उसका कोई अंक नहीं काटा जाएगा।
यूबीआई परीक्षा में आरोग्य सेतु एप अनिवार्य
उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए कि परीक्षा हॉल में एडमिट कार्ड और वैध आईडी प्रूफ ले जाना अनिवार्य है। कोविड-19 महामारी के कारण मास्क पहनना और अपने फोन में आरोग्य सेतु एप रखना चाहिए। सभी उम्मीदवार को प्रवेश द्वार पर आरोग्य सेतु एप दिखाना होगा। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा में बैठने से पहले नमूना प्रश्नों को पढ़ लें।
ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
- यूबीआई एसओ परीक्षा की आधिकारिक वेबसाइट Unionbankofindia.co.in पर जाएं।
- स्पेशलिस्ट ऑफिसर की भर्ती के तहत एडमिट कार्ड या कॉल लेटर लिंक पर क्लिक करें।
- रोल नंबर या पंजीकरण संख्या और पासवर्ड जैसे विवरण दर्ज करें।
- इसके बाद स्क्रीन पर एडमिट कार्ड दिखाई देगा।
- भविष्य में आने वाले उपयोग के लिए एडमिट कार्ड की एक हार्ड कॉपी अपने पास रख लें।