कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने कॉन्स्टेबल भर्ती 2020 के अंतर्गत पीईटी व पीएमटी परीक्षाओं की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। दिल्ली पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अधिसूचना के मुताबिक यह परीक्षा 28 जून से आयोजित की जाएगी। बता दें कि 5836 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की गई लिखित परीक्षा में सफलता पाने वाले अभ्यर्थी इन परीक्षाओं में हिस्सा ले सकते हैं।
कोविड-19 दिशा-निर्देशों का करना होगा पालन
जारी अधिसूचना में कहा गया है कि पीईटी और पीएमटी, दोनों ही परीक्षाओं के दौरान सभी अभ्यर्थियों को कोरोना महामारी के राेकथाम के लिए सरकार द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। सभी आवेदकों को मास्क पहनकर ही परीक्षा में शामिल होना होगा। वहीं, निर्देश के अनुसार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी करना होगा।
जल्द जारी होंगे प्रवेश पत्र
पीएमटी और पीईटी में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए जल्द ही आयोग द्वारा प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी दिल्ली पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट delhipolice.nic.in पर जाकर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
27 नवंबर से आयोजित की गई थी परीक्षाएं
गौरतलब है कि एसएससी द्वारा सितंबर 2020 में दिल्ली पुलिस विभाग में भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की गई थी। कुल 5836 पदों में से कॉन्स्टेबल एग्जीक्यूटिव के 3902 और फीमेल कॉन्स्टेबल के 1934 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इसके लिए लिखित परीक्षा का आयोजन 27 नवंबर से 14 दिसंबर 2020 के बीच किया गया था। जिसके परिणाम 15 मार्च 2021 को घोषित किए गए थे।