कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की सीजीएल भर्ती परीक्षा दे चुके अभ्यर्थी तैयार रहें। उनकी परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी होने वाला है। एसएससी की ओर से कंबाइड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल) भर्ती परीक्षा-2018 का बहुप्रतीक्षित अंतिम परिणाम 31 मार्च, 2021 को जारी किया जाएगा। जिन परीक्षार्थियों ने यह परीक्षा दी थी, वे अपने रिजल्ट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.nic.in पर जाकर देख सकेंगे।
गौरतलब है कि कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा CGL (कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल) की परीक्षा के माध्यम से भारत सरकार के विभिन्न विभागों में ग्रुप-बी व ग्रुप-सी के पदों पर भर्ती की जाती है। ग्रेजुएट या ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष के विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होने की पात्रता रखते हैं। एसएससी सीजीएल के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की आयु 18-32 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वहीं दिव्यांग/विकलांग, एससी/एसटी और महिलाओं के लिए उम्र में विशेष छूट का प्रावधान रहता है।
कर्मचारी चयन आयोग सीजीएल की परीक्षा चार चरणों में आयोजित करता है। जिसमें पहले और दूसरे चरण की परीक्षा बहुविकल्पीय प्रणाली से कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट यानी सीबीटी परीक्षाएं होती हैं। वहीं, तीसरे चरण की परीक्षा पैन और पेपर के जरिये लिखित होती है। चौथे चरण में उम्मीदवारों की डाटा एंट्री स्पीड का टेस्ट होता है और फिर सफल उम्मीदवारों के दस्तावेजों की प्रमाणिकता जांची जाती है।
बता दें कि एसएससी सीजीएल भर्ती 2018 के टियर-1 परीक्षा का आयोजन चार जून से नौ जून, 2019 के बीच किया गया था। इसमें सफल रहे अभ्यर्थियों ने सितंबर2019 में आयोजित टियर-II परीक्षा फिर दिसंबर 2019 में आयोजित टियर-III परीक्षा में भाग लिया था। इसके नतीजे 30 सितंबर, 2020 को जारी किए गए थे।
ऐसे देखें SSC CGL का फाइनल रिजल्ट
- कर्मचारी चयन आयोग का आधिकारिक वेबसाइट ssc.nic.in पर जाएं।
- SSC CGL Final Result 2018 लिखे हुए लिंक पर क्लिक करें।
- स्क्रीन पर पीडीएफ फाइल खुलने के बाद उसमें अपने रोल नंबर को सर्च करें।