राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा स्नातक स्तर के लिए RSMSSB CET 2022 परीक्षा सात और आठ जनवरी, 2023 को आयोजित की गई थी। उम्मीदवार अभ्यर्थी अपने ऑनलाइन आवेदन में स्वयं का नाम, माता/पिता के नाम, पता, शैक्षणिक योग्यता, जन्म तिथि, लिंग, फोटो एवं हस्ताक्षर आदि को छोड़कर अन्य सूचनाओं में सुधार कर सकते हैं। संशोधन के लिए 300 रुपये का शुल्क लागू होगा। अधिक जानकारी आधिकारिक वेबसाइट recruitment.rajasthan.gov.in पर अधिसूचना में दी गई है। RSMSSB ग्रेजुएट सीईटी परीक्षा पटवारी, सुपरवाइजर, जूनियर अकाउंटेंट और प्लाटून कमांडर सहित विभिन्न पदों के लिए आयोजित की जाती है।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की अधिसूचना में कहा गया है कि बोर्ड द्वारा सामान्य पात्रता परीक्षा (CET) (स्नातक स्तर)-2022 हेतु दिनांक 21 सितंबर, 2022 को विज्ञापन जारी कर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। उक्त भर्ती हेतु बोर्ड द्वारा दिनांक 07 जनवरी, 2023 से 08 जनवरी, 2023 तक परीक्षा आयोजित करवाई गई है। बोर्ड के आदेश दिनांक 24 मार्च, 2021 की पालना में इस भर्ती में आवेदकों के ऑनलाइन आवेदन में दिनांक 13 जनवरी, 2023 से दिनांक 22 जनवरी, 2023 को 23.59 बजे तक ऑनलाइन संशोधन हेतु अंतिम अवसर प्रदान किया जाता है। अभ्यर्थी अपने ऑनलाइन आवेदन में स्वयं का नाम, माता/पिता के नाम, पता, शैक्षणिक योग्यता, जन्म तिथि, लिंग, फोटो एवं हस्ताक्षर में संशोधन नहीं कर सकेगा।
इसके अतिरिक्त अन्य सूचनाओं यथा श्रेणी, विशेष श्रेणी, उप श्रेणी, वैवाहिक स्थिति इत्यादि में निर्धारित रुपये 300/- का शुल्क ऑनलाइन भुगतान कर संशोधन कर सकेंगे। आवेदक के नाम, माता/पिता के नाम, पता, शैक्षणिक योग्यता, जन्म तिथि, लिंग, फोटो एवं हस्ताक्षर में त्रुटिपूर्ण सूचनाओं में संशोधन हेतु चयन होने की स्थिति में दस्तावेज सत्यापन के समय ही विचार किया जाएगा। बोर्ड ने कहा कि उक्त समय-सीमा के पश्चात् किसी भी स्थिति में बोर्ड द्वारा कोई संशोधन नहीं किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी अभ्यर्थी की होगी। इस हेतु बोर्ड द्वारा कोई भी ऑफलाइन प्रार्थना पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा।