परीक्षा का कार्यक्रम
इस भर्ती के अंतर्गत लिखित परीक्षा का आयोजन 31 अक्तूबर 2025 को किया जाएगा। परीक्षा देशभर के 44 शहरों में आयोजित होगी। सभी आवेदकों के लिए प्रवेश पत्र 17 अक्तूबर 2025 तक उपलब्ध करा दिए जाएंगे। उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड परीक्षा केंद्र पर साथ लाना अनिवार्य होगा।
- आवेदन शुरू: 5 सितंबर 2025
- आवेदन की अंतिम तिथि: 21 सितंबर 2025 (शाम 5 बजे तक)
- एडमिट कार्ड जारी: 17 अक्तूबर 2025
- कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT): 31 अक्तूबर 2025
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
इन पदों के लिए उम्मीदवार के पास बीई या बी.टेक. की डिग्री होना आवश्यक है। सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी-एनसीएल वर्ग के अभ्यर्थियों को स्नातक में न्यूनतम 65% अंक तथा एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी वर्ग के उम्मीदवारों को कम से कम 55% अंक प्राप्त होना जरूरी है। यह डिग्री केवल पूर्णकालिक पाठ्यक्रम से और एआईसीटीई या यूजीसी से मान्यता प्राप्त संस्थान से ही होनी चाहिए।
आयु सीमा के अनुसार, सामान्य और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों की आयु 1 जुलाई 2025 तक 26 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकार के नियमों के मुताबिक आयु में छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों पर आधारित होगा- कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), समूह चर्चा/समूह कार्य (GD/GT) और व्यक्तिगत साक्षात्कार (PI)।
सीबीटी परीक्षा में कुल 100 प्रश्न होंगे:
- 50 प्रश्न विषयगत ज्ञान पर
- 20 प्रश्न सामान्य योग्यता पर
- 15 प्रश्न तार्किक तर्क क्षमता पर
- 15 प्रश्न अंग्रेजी भाषा पर
इस परीक्षा के अंकों के आधार पर उम्मीदवारों को अगले चरणों के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
आवेदन शुल्क
एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी वर्ग के अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। अन्य उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये तय किया गया है। आवेदन पत्र में सुधार की सुविधा 21 सितंबर 2025 तक उपलब्ध रहेगी।
सेवा बॉन्ड और अवधि
चयनित उम्मीदवारों को आईओसीएल में शामिल होने के बाद न्यूनतम तीन वर्षों की सेवा देनी होगी। इसके लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 3,00,000 रुपये और ईडब्ल्यूएस, ओबीसी-एनसीएल, एससी, एसटी व पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों को 50,000 रुपये का बॉन्ड भरना होगा।
वेतन और सुविधाएं
इंजीनियर या अधिकारी के रूप में नियुक्त उम्मीदवारों को 50,000 रुपये से 1,60,000 रुपये तक का मासिक वेतनमान मिलेगा। प्रारंभिक मूल वेतन 50,000 रुपये प्रति माह होगा। इसके अलावा, महंगाई भत्ता (DA), एचआरए/आवासीय सुविधा, चिकित्सा सुविधाएं, ग्रेच्युटी, पीएफ, दुर्घटना बीमा, अवकाश नकदीकरण, LTC या LFA, वाहन रखरखाव प्रतिपूर्ति और प्रदर्शन आधारित बोनस (PRP) भी प्रदान किया जाएगा।
सभी लाभों को मिलाकर चयनित उम्मीदवार का सालाना सकल पारिश्रमिक लगभग 17.7 लाख रुपये तक होगा। हालांकि, वास्तविक वेतन कार्यस्थल, कंपनी के प्रदर्शन और व्यक्तिगत परफॉर्मेंस पर निर्भर करेगा।