संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि झारखंड सरकार जल्द ही राज्य में अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और पिछड़ा वर्ग (बीसी) के लिए आरक्षण बढ़ाने पर विचार करने के लिए मंत्रिमंडलीय उपसमिति बना सकती है। ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के अध्यक्ष एवं विधायक सुदेश महतो द्वारा इस संबंध में विधानसभा में लाए गए गैर सरकारी संकल्प (निजी विधेयक) पर चर्चा के दौरान संसदीय कार्यमंत्री आलमगीर ने यह जानकारी दी।
आलम ने बताया कि राज्य सरकार पहले से ही इस मुद्दे पर विचार कर रही है और शीघ्र ही इस पर कोई निर्णय लिया जाएगा जिसके लिए पहले विचारार्थ एक मंत्रिमंडलीय उपसमिति का गठन किया जाएगा। इससे पूर्व सुदेश महतो ने राज्य में कुल आरक्षण बढ़ाकर 73 प्रतिशत करने का निजी विधेयक पेश किया। जिसमें एसटी के लिए 32 फीसदी, एससी के लिए 14 फीसदी और बीसी के लिए 27 फीसदी आरक्षण शामिल हैं। महतो की अनुपस्थिति में विधानसभा में उनका विधेयक उनकी पार्टी के विधायक लंबोदर महतो ने पेश किया।
आलमगीर आलम ने आजसू के विधायक सुदेश कुमार महतो की ओर से सदन में लाए गए इस गैर सरकारी संकल्प के जवाब में बताया कि आरक्षण का प्रतिशत बढ़ाने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है और इसके लिए अगले दो महीने में उपसमिति बनाई जाएगी।