बेटी पिता की लाडली कही जाती है। वह पिता के कंधे पर बैठकर दुनिया की सैर करती है लेकिन झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम से रिश्ते को तार-तार करने वाली घटना सामने आई है जहां एक निर्दयी पिता ने शराब पार्टी के लिए अपनी 28 साल की मासूम बेटी का सौदा कर दिया।
जानकारी के अनुसार नोवामुंडी प्रखंड के मेरेलगाड़ा गांव में पेशे से ड्राइवर बुधवराम चतोम्बा को शराब की लत थी जिस कारण वह रोज अपनी पत्नी से लड़ाई करता था। चार दिन पहले उसकी पत्नी घर से बाहर गई हुई थी इसी दौरान वह कुछ लोगों के साथ आया और अपनी 28 दिन की मासूम बेटी का सौदा 30 हजार रुपये में कर दिया। इसके बाद वह पैसे लेकर दोस्तों के साथ शराब पार्टी करने चला गया।
कुछ देर बाद जब उसकी पत्नी आई तो वह अपनी बेटी को खोजने लगी लेकिन जब वह नहीं मिली तो उसने आस पड़ोस के लोगों को बुला लिया। ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिलने पर परम बालजोड़ी के मानकी सुरेंद्र चतोम्बा और गांव के मुंडा (मुखिया) जयराम बारजो जब बुधराम के घर पहुंचे तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। मुखिया और ग्रामीणों को देखते ही सभी आरोपी फरार हो गए।
गर्भ में ही पिता ने कर लिया था सौदा: ग्रामीण
ग्रामीणों के अनुसार चार दिन पहले एक पुरुष और तीन महिलाएं आरोपी पिता के घर आए थे। आरोपी ने बेटी को ले कर उन्हें थमा दिया और कहा कि पहले से इतने सारे बच्चे है, उन्हें पालना मुश्किल हो रहा है। इसे दे देने में कोई दिक्कत नही है। तीस हजार रुपये भी मिल रहे हैं। बुधराम की दो पत्नी और नौ बच्चे पहले से हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि गर्भ में ही बुधराम ने सौदा कर लिया था।