झारखंड में शनिवार को तेज बारिश के साथ तेज हवा चलने से तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं निचले इलाकों में पानी भर गया और कई पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। जिससे सामान्य जीवन काफी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग से जुड़े एक अधिकारी ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में शुक्रवार को तेज बारिश से घर की दीवार गिर गई जिसमें एक महिला की मौत हो गई।
खतरे के निशान से ऊपर बह रही नदियां
अधिकारियों ने कहा कि रामगढ़ जिले में नदी में दो व्यक्ति डूब गए और दो अन्य लापता हो गए। दोनों लोगों की कार और मोटरसाइकिलें उफनती नलकारी नदी में गिर गईं और तेज धारा में बह गईं। नदियों का स्तर तेजी से बढ़ा है जो खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मुफस्सिल थाना प्रभारी पवन चंद्र पाठक ने बताया कि चाईबासा इलाके में घर की दीवार गिरने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
नलकारी नदी से दो शव निकाले गए हैं
पतरातू के अनुमंडल पुलिस अधिकारी बीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि नलकारी नदी से दो शव निकाले गए हैं। लापता लोगों का पता लगाने के लिए बचाव अभियान जारी है। आगे अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान डॉ जेवियर तिग्गा और स्मृति गारी के रूप में हुई है और दोनों रांची के रहने वाले थे।
एक पुल को पार करते समय उफनती नदी में गिरी बाइक
वहीं रांची से रामगढ़ जिले के पतरातू की ओर जा रही एक कार रामगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर पतरातू ब्लॉक के तलटांड गांव के पास एक पुल को पार करते समय उफनती नदी में गिर गई। उन्होंने कहा कि बाद में दो मोटरसाइकिलें भी नदी में गिर गईं और तेज धारा में बह गईं। इन घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और पता चला है कि दो और अभी भी लापता हैं।
सामान्य जनजीवन अस्त व्यस्त
बारिश के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति लंबे समय तक बाधित रही और प्रमुख शहरों में ट्रैफिक जाम हो गया, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। सरकार ने बचाव अभियान में एनडीआरएफ की टीमें लगा दी हैं जो जलभराव वाली जगहों पर गस्त कर रही हैं।