झारखंड के पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड में बोहिता गांव में आयोजित शादी समारोह के दौरान परोसे गए भोजन से फूड प्वाइजनिंग की घटना हुई। इस घटना में 100 से अधिक लोग बीमार हो गए और उल्टी, दस्त व पेट दर्द की शिकायत होने लगी।
झारखंड के पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड में बुधवार रात एक शादी समारोह के दौरान परोसे गए भोजन के कारण फूड प्वाइजनिंग की घटना सामने आई। सतबरवा प्रखंड के बोहिता गांव के पोखर पार टोला में हरिशंकर चंद्रवंशी के घर बेटे की शादी थी। शादी भोज में ग्रामीणों और मेहमानों के लिए पुड़ी, सब्जी और बुंदिया परोसी गई थी।
विज्ञापन
शुरुआत में 50, बाद में बढ़कर 100 से अधिक हुए मरीज
भोजन करने के कुछ समय बाद ही कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। शुरुआत में करीब 50 लोग बीमार हुए, लेकिन धीरे-धीरे यह संख्या बढ़कर 100 से अधिक पहुंच गई। मरीजों में उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत देखने को मिली, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
स्वास्थ्य विभाग की तत्काल कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय पोखर पार टोला में अस्थायी उपचार केंद्र बनाया गया, जहां कई लोगों का प्राथमिक इलाज किया गया। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को एंबुलेंस की मदद से लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मेदिनीनगर अस्पताल भेजा गया।
विज्ञापन
डॉक्टरों का बयान और मरीजों की स्थिति
डॉक्टरों के अनुसार अधिकतर मरीजों में डायरिया और फूड प्वाइजनिंग के लक्षण पाए गए हैं। फिलहाल सभी का इलाज जारी है और कई मरीजों की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।