झारखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को राज्यभर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए 'रन फॉर क्लीनलीनेस' (Run for Cleanliness) का आयोजन किया गया। रांची सहित राज्य के सभी 24 जिलों में एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर झारखंड बनाने का संदेश दिया गया। रांची में मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक दौड़ आयोजित की गई। इसमें मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान चडरी तालाब छठ घाट पर सफाई अभियान भी चलाया गया। वहीं, दौड़ के समापन पर पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
रांची में 'रन फॉर क्लीनलीनेस' की शुरुआत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से हुई। यहां से प्रतिभागियों ने अल्बर्ट एक्का चौक तक दौड़ लगाई। इस दौरान लोगों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। आयोजन का उद्देश्य स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देना और आम लोगों को स्वच्छ परिवेश के महत्व से जोड़ना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ वित्त, वाणिज्यकर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, श्रम, रोजगार, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास तथा उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद, राज्यसभा सांसद महुआ माजी और रांची विधायक सीपी सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।
स्वच्छता हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी : जनप्रतिनिधि
इस अवसर पर मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छता को अपनी रोजमर्रा की जीवनशैली में शामिल करके ही स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर झारखंड बनाने का संकल्प पूरा किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास सफाई रखने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
चडरी तालाब छठ घाट पर मंत्रियों ने किया श्रमदान
दौड़ के साथ ही स्वच्छता के संदेश को जमीन पर उतारने के लिए चडरी तालाब छठ घाट पर सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान मंत्रियों और राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने स्वयं सफाई गतिविधियों में हिस्सा लिया और श्रमदान किया। उन्होंने आम लोगों को तालाबों, जलस्रोतों और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर कहा गया कि तालाब और अन्य जलस्रोत हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने, जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने और अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की गई।
सभी 24 जिलों में एक साथ दिया स्वच्छता का संदेश
झारखंड के 26वें स्थापना दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए राज्य के सभी 24 जिलों में एक साथ स्वच्छता का संदेश पहुंचाया गया। आयोजन में जनभागीदारी, सामाजिक जिम्मेदारी और सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया गया। इसका उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ युवाओं को सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना और स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ झारखंड, स्वस्थ झारखंड और सुंदर झारखंड के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को किया सम्मानित
'रन फॉर क्लीनलीनेस' में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। दौड़ पूरी होने के बाद पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
पुरुष वर्ग में कुंदन महतो ने पहला, विवेकानंद ने दूसरा और विमल उरांव ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, महिला वर्ग में पूजा सिंह प्रथम, ममता कुमारी द्वितीय और सावित्री कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।