घटना के विरोध में सड़क जाम करते लोग
झारखंड के सरायकेला जिले के राजबांध हनुमान मंदिर के समीप मुख्य सड़क पर शनिवार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 14 वर्षीय किशोर अमन अंसारी की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बाइक सवार को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार को हिरासत में ले लिया। घटना से नाराज लोगों ने मुख्य सड़क जाम कर हंगामा किया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार, कमालपुर गांव निवासी अमन अंसारी अपने बड़े भाई परवेज से मिलने राजबांध स्थित उनकी वेल्डिंग की दुकान पर आया था। इसी दौरान वह मुख्य सड़क पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही मैक्सिमो यात्री गाड़ी से जा टकराई। इसी क्रम में अमन मैक्सिमो के चक्के के नीचे आ गया। गंभीर रूप से घायल अमन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भागने का प्रयास कर रहा था। हालांकि, स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और घटना को लेकर आक्रोश जताया। इसके बाद लोगों ने सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक दी और मुआवजे तथा कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया।