झारखंड के लातेहार जिले में माओवादियों ने मजदूरों के साथ मारपीट की। माओवादियों ने पुल निर्माण में लगी मशीन को आग लगा दी। राज्य के दूसरे जिलों में भी नक्सल तांडव देखा गया है।
नक्सलवाद और माओवाद प्रभावित प्रदेश लातेहार में भाकपा माओवादियों ने पुल निर्माण के काम में लगी मशीन को जलाकर निर्माण ठप कर दिया। महुआडांड़ थाना क्षेत्र के चुटिया गांव की इस घटना में माओवादियों ने पुल के निर्माण में लगे मजदूरों और मिस्त्री के साथ मारपीट भी की। सोमवार रात की इस घटना के बारे में मजदूरों ने बताया कि चार-पांच नक्सलियों ने मौके पर आकर उन्हें खौफज़दा करने का प्रयास किया।
विज्ञापन
मजदूरों को गोली मारने की धमकी
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कुछ दिनों से इलाके में आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं। उग्रवादी और पीएलएफआई के नक्सली तांडव कर रहे हैं। बीते दिनों लोहरदगा में भी माओवादियों का तांडव देखा गया। यहां माओवादियों ने तीन नहरों की मरम्मत और पक्कीकरण में लगाए गए मशीनों को भी फूंक डाला। खबरों के अनुसार, उग्रवादियों ने साइट पर सो रहे मजदूरों को गोली मार कर मौत की नींद सुलाने की धमकी भी दी।
दूसरे जिलों में भी उग्रवादियों का तांडव
उग्रवाद प्रभावित झारखंड के एक अन्य जिले में भी नक्सलियों का तांडव दिखा था। खूंटी जिले में पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (PLFI) के उग्रवादियों ने लेवी (पैसों की उगाही) की मांग न पूरी करने पर दो जेनरेटरों को आग के हवाले कर दिया था। हालांकि, इस वारदात को अंजाम देने वाले लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था।