पुलिस की अमानवीयता और असंवेदनशीलता को लेकर भले ही कितने मामले सामने आते हों लेकिन इसमें सुधार के प्रयास कभी नहीं किए जाते। राजस्थान के अलवर में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया जब झारखंड पुलिस एक 23 साल की युवती को जानवरों की तरह उसके पेट से रस्सी बांधकर अपने साथ ले गई। युवती को दहेज से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार झारखंड पुलिस ने युवती को अलवर के रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था, इसके बाद उसे उसी हालत में रस्सी से बांधकर पुलिस वापस झारखंड ले गई।
लोगों ने इस दौरान पुलिस की इस अमानवीय कार्रवाई को अपने कैमरों में कैद कर लिया। यह हाल तब है जब सुप्रीम कोर्ट ने इस संबंध में सख्त दिशा निर्देश जारी किए हैं। सुप्रीम कोर्ट का आदेश है कि किसी भी आरोपी या अपराधी को इस तरह से रस्सियों में जकड़ कर नहीं ले जाया जा सकता। खासकर महिलाओं के मामले में तो ज्यादा संवेदनशीलता बरतने की जरूरत है।