भाजपा नेता सूर्या हांसदा के एनकाउंटर मामले ने झारखंड की राजनीति में उबाल ला दिया है। प्रदेश भाजपा ने इस घटना को एनकाउंटर नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है और इसकी सच्चाई सामने लाने के लिए एक जांच टीम गठित की है। यह टीम 17 अगस्त को गोड्डा रवाना होगी और वहां सूर्या हांसदा के परिजनों से मिलकर पूरे मामले की जानकारी जुटाएगी।
यह भी पढ़ें- Jharkhand: पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद के भाई अंकित राज के खिलाफ ED की बड़ी कार्रवाई, तीन करोड़ की संपत्ति अटैच
भाजपा ने लगाया यह आरोप
भारतीय जनता पार्टी का मानना है कि सूर्या हांसदा की मौत को एनकाउंटर का रूप दिया गया है, जबकि यह एक सोची-समझी हत्या है। भाजपा ने कहा कि संघर्ष की राह पर भटके लोगों को कानून ने हमेशा मुख्यधारा में लौटने का अवसर दिया है, लेकिन सूर्या हांसदा को न्याय और अवसर देने के बजाय उनकी आवाज को हमेशा के लिए खामोश कर दिया गया।
बाबूलाल मरांडी का सरकार पर हमला
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस सरकार में अपराधियों को संरक्षण देने का काम कुछ पुलिसकर्मी कर रहे हैं, जिसके चलते आम जनता के साथ-साथ सत्ता और विपक्ष के नेताओं को भी जान का खतरा बना रहता है। मरांडी ने चुनौती दी कि अगर मुख्यमंत्री और उनके अफसरों को सीबीआई जांच से डर लगता है तो कम से कम हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में इसकी जांच कराई जाए, ताकि सच सामने आ सके।
यह भी पढ़ें- Jharkhand: लातेहार में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, राहुल दुबे गिरोह के 7 अपराधी हथियार समेत गिरफ्तार
भाजपा की जांच टीम 17 अगस्त को जाएगी गोड्डा
सूर्या हांसदा एनकाउंटर की हकीकत जानने के लिए भाजपा ने जो जांच टीम बनाई है, उसमें बड़े-बड़े नेता शामिल किए गए हैं। इस टीम में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुण्डा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भानू प्रताप शाही, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, पूर्व विधायक अमित मंडल, पूर्व विधायक रणधीर सिंह और अनिता सोरेन शामिल हैं।
यह टीम गोड्डा जाकर सूर्या हांसदा के परिवार से मुलाकात करेगी और घटना से जुड़े तथ्यों को इकट्ठा कर रिपोर्ट तैयार करेगी।