पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI 1.0) में राज्य स्तर पर दूसरा स्थान हासिल करने वाला खूंटी जिला अब नंबर वन बनने की तैयारी में जुट गया है। उपायुक्त आर. रॉनिटा ने जिले के सभी पंचायतों से विकास कार्यों में तेजी लाने और उपलब्धियों को समय पर पोर्टल पर दर्ज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सही और अद्यतन डेटा ही जिले की असली ताकत है, जिससे खूंटी को अगली बार शीर्ष स्थान दिलाया जा सकता है।
गोल्डन पैलेस सभागार में आयोजित जिलास्तरीय प्रसार कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। स्वागत भाषण में जिला पंचायती राज पदाधिकारी डॉ. शिशिर कुमार सिंह ने बताया कि उत्कृष्ट कार्य और सही रिकॉर्डिंग की बदौलत खूंटी ने यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने पंचायत स्तर पर पारदर्शी और समयबद्ध डेटा अपलोडिंग पर जोर दिया।
पढ़ें: राज्यपाल मोरहाबादी में करेंगे ध्वजारोहण, परंपरा बदली; ‘एट होम’ कार्यक्रम गुरुजी के सम्मान में रद्द
पुस्तक विमोचन और रणनीति
कार्यक्रम में उपायुक्त ने पंचायत उन्नति सूचकांक पुस्तक का विमोचन किया और कहा कि यह सूचकांक केवल रैंकिंग का पैमाना नहीं है, बल्कि विकास की दिशा तय करने का एक रोडमैप है। उन्होंने मुखिया, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से PAI 2.0 के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की। इस अवसर पर कर्रा और तोरपा प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारियों, लोधमा पंचायत की मुखिया सहित कई अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।