झारखंड के पलामू जिले में बदमाशों ने झारखंड विकास मोर्चा के नेता राजन मेहता के भाई सदन मेहतन की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए। वहीं सूचना मिलते ही सैकडों लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई और हंगामा शुरू कर दिया।
गुस्साए लोगों ने वाहनों में भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन भीड़ का गुस्सा बेकाबू होता रहा। मजबूरी में पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी, जिसके बाद लोग तितर बितर हुए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उनकी जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार पलामू जिले के झाविमो नेता राजन मेहता के भाई सदन कुमार मेहता का ईंट भट्ठा का कारोबार है। रविवार दोपहर वह बाइक पर सवार होकर लेबर को पेमेंट करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान नवाबाजार थाना क्षेत्र के लठेया गांव में पीछे से लाल रंग की बाइक पर आए लोगों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया।
इससे पहले की सदन कुछ समझ पाते बाइक सवार लोगों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उनके सिर को चीरते हुए निकल गई जबकि दो गोलियां उनके बाजुओं में लगी। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए। वहीं हत्याकांड के बाद लोगों का आक्रोश भड़क उठा।
भीड़ ने एनएच 75 पर जाम लगा दिया। लोगों ने वाहनों पर पथराव करते हुए उनमें तोड़फोड़ शुरू कर दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो उन पर भी पथराव किया गया। मौके पर पहुंचे डीसी और एसपी ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।