झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को एसिड अटैक के एक मामले में समन भेजा है। अदालत ने दोनों अधिकारियों को यह समन पिछले साल हजारी भाग में एक नाबालिग युवती पर हुए एसिड हमले में पुलिस की जांच पर चिंता जाहिर करते हुए भेजा है।
शुक्रवार को मामले की सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश रविरंजन और एसएन प्रसाद की पीठ ने कहा था कि ऐसा लगता है कि पुलिस आरोपी को बचा रही है। अदालत ने सुनवाई के दौरान टिप्पणी की, 'पुलिस ने मामले की जांच उचित तरीके से नहीं की है।'
अदालत ने यह टिप्पणी तब की जब सुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक और जांच अधिकारी कई सवालों के जवाब नहीं दे पाए। बता दें कि पिछले साल दिसंबर में हजारीबाग में स्कूल से घर लौटते हुए एक 13 वर्षीय किशोरी पर एसिड से हमला कर दिया गया था।
इसके बाद अदालत ने गृह सचिव और डीजीपी को मामले की सुनवाई की अगली तारीख यानी 27 नवंबर को कोर्ट के सामने पेश होने का आदेश दिया। अदालत इस मामले की सुनवाई अधिवक्ता अपराजिता भारद्वाज द्वारा मुख्य न्यायाधीश को भेजी गई एक प्रेस रिपोर्ट का संज्ञान लेकर कर रही है।