जमशेदपुर में टाटानगर आरपीएफ ने नीलांचल एक्सप्रेस की जनरल बोगी से करोड़ों के विदेशी सांप और अन्य जानवर बरामद किए हैं। टीम ने सेंड बोआ सांप भी जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस सांप की कीमत 25 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही ग्रीन इग्नूआ छिपकली, अलग-अलग किस्म के कुल 29 बॉल पायथन भी बरामद किए गए हैं। इसमें दो सेंड बोआ, 18 यूरोपियन बीटल काला कीड़ा, 12 ग्रीन इग्नूआ, बक्से में रखी हुई 300 जहरीली मकड़ी शामिल हैं।
आरपीएफ ने सांपों की तस्करी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसके पास से बरामद सांप की कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। महिला सांप की तस्करी कर दिल्ली जाने वाली ट्रेन से भारी संख्या में सांप और वन्य जीव के साथ पकड़ी गई है। महिला महाराष्ट्र के पुणे की रहने वाली बताई जा रही है।
दरअसल, जमशेदपुर के रास्ते से तस्करी का नया रास्ता बना है। इस रास्ते से विदेशी तस्कर अपना गिरोह चला रहे हैं। ट्रेन मार्ग से विदेशी सांपों और अन्य वन्य जीव की तस्करी कर रहे हैं। दिल्ली जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस की जनरल बोगी में छापेमारी के बाद इस महिला को गिरफ्तार किया गया है।
आरपीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह छापेमारी की थी। सूचना मिली थी कि सूट पहनी हुई एक महिला विदेशी सांपों से भरा बैग झारखंड के टाटानगर के रास्ते दिल्ली ले जा रही है। आरपीएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर दिल्ली जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस के जनरल बोगी से बैग की तलाशी ली और महिला को गिरफ्तार किया गया है।