Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024: झारखंड विधानसभा की 81 सीटों पर झामुमो ने 43, कांग्रेस ने 30, राजद ने छह और भाकपा-माले ने चार सीटों पर विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।
झारखंड विधानसभा चुनाव रोचक हो रहा है। यहां तीन विधानसभा सीटों पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों में ही मुकाबला है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मॉर्क्सवादी-लेनिनवादी) और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रत्याशी धनवार सीट पर आमने-सामने हैं। वहीं छतरपुर और बिश्रामपुर में कांग्रेस और राजद प्रत्याशियों में मुकाबला है। हालांकि कांग्रेस और राजद मुकाबले से बचने की कोशिश कर रहे हैं। यहां सीट बंटवारे को लेकर बात चल रही है।
विज्ञापन
झारखंड विधानसभा की 81 सीटों पर झामुमो ने 43, कांग्रेस ने 30, राजद ने छह और भाकपा-माले ने चार सीटों पर विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने बताया कि झामुमो, कांग्रेस, राजद और भाकपा-माले संयुक्त रूप से झारखंड में इंडिया गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रहे हैं। छतरपुर, बिश्रामपुर और धनवार सीटों को छोड़कर गठबंधन में सभी सीटों पर बंटवारा हो गया है। झामुमो ने धनवार सीट पर भाकपा-माले के साथ मुकाबला करने का फैसला किया है।
वहीं राजद और कांग्रेस ने छतरपुर और बिश्रामपुर सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। विनोद पांडेय ने कहा कि दोनों सीटों पर मुद्दे को सुलझाने के लिए चर्चा अभी चल रही है। हमें उम्मीद है कि एक या दो दिन में नतीजा सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के तहत राजद को छह सीटें दी गईं, जबकि भाकपा-माले को तीन सीटें दी गईं।
विज्ञापन
झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि वे संयुक्त रूप से चुनाव लड़ेंगे और फिर से सरकार बनाएंगे। इंडिया गठबंधन ने अभी तक आधिकारिक तौर पर सीट-बंटवारे की घोषणा नहीं की है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा था कि इंडिया गठबंधन विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ेगा। कांग्रेस और झामुमो 81 में से 70 सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगे। 11 सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ी गईं हैं।
झारखंड में दो चरणों में मतदान
केंद्रीय निर्वाचन आयोग की तरफ से निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक झारखंड में दो चरणों- 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी।