झारखंड के गुमला जिले के एक गांव में जबरन शादी कराने से एक बड़े ही दर्दनाक परिणाम की खबर सामने आई है। जिले के बेतेरकेरा गांव में एक महिला ने शादी के 11वें दिन ही अपने पति की हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार महिला को लड़का पसंद नहीं था, लेकिन उसके परिवारों ने जबरन उसकी शादी करवा दी थी।
पांच फरवरी को संजय तोपनो और सनियारो की शादी हुई थी। 11 फरवरी को संजय अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया हुआ था। 16 फरवरी को सनियारो बेर खिलाने और सब्जी लाने के बहाने संजय को अपने चाचा के खेत में ले गई। यहां उसने पत्थर से कुचल कर संजय की हत्या कर दी और शव कुएं में फेंक कर वापस चली गई।
17 फरवरी को संजय का शव कुएं से मिला। पुलिस ने पूछताछ की तो सनियारो ने बताया कि खेत पहुंचने पर संजय के पास किसी का फोन आया था। बातचीत करते हुए वह आगे चला गया और वह खुद भाई के साथ वापस घर आ गई थी। शव पर मिले चोट के निशानों के चलते पुलिस ने हत्या मान कर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने तहकीकात आगे बढ़ाई तो सनियारो की कहानी की पोल खुल गई। पुलिस के अनुसार सनियारो यह शादी नहीं करना चाहती थी। अब इससे छुटकारा पाने के लिए सनियारो बेर खिलाने के बहाने संजय को खेत पर ले गई। यहां पत्थर से कुचलकर उसने संजय को मार डाला। पुलिस ने सनियारो को गिरफ्तार कर लिया है।