झारखंड के गिरिडीह जिले में बकरियां चुराने के कथित प्रयास के आरोप में भीड़ ने 32 वर्षीय एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना राज्य की राजधानी रांची से करीब 200 किलोमीटर दूर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आदिवासी बहुल गांव सादी गवांरो में शनिवार रात हुई। मृतक की पहचान इसी थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव निवासी विनोद चौधरी के रूप में हुई है।
वाहन के गड्ढे में गिरने से तीन लोगों की मौत
वहीं, कोडरमा जिले में सड़क किनारे एक गड्ढे में एक वाहन के गिरने से उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई। घटना तिलैया बांध पुलिस चौकी क्षेत्र के कांको गांव में शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुई।
जानकारी के मुताबिक, लोगों का एक समूह तिलैया में सैर-सपाटे के लिए आया था। जब वे लौट रहे थे, तो उनकी पिक-अप वैन का चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा तथा गाड़ी गड्ढे में गिर गई। गाड़ी में म्यूजिक सिस्टम, जनरेटर और लाउडस्पीकर लगे थे। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बताया कि जनरेटर सेट के नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई तथा तीसरे व्यक्ति ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया।