झारखंड के जामताड़ा और गुमला जिलों में अलग-अलग हुए सड़क हादसों में कम से कम आठ की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए।
जामताड़ा जिले में बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। दोपहिया वाहन पर सवार परिवार के चार सदस्य एक शादी समारोह से वापस घर लौट रहे थे। यह घटना राज्य की राजधानी रांची से लगभग 210 किलोमीटर दूर केंद्रीय विद्यालय जामताड़ा के पास हुई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जामताड़ा के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) ने बताया कि तीन बच्चे अपने परिजन के साथ शादी समारोह से जा रहे थे। तीनों बच्चों की उम्र 10 साल से कम है। घटना में चारों की मौत हो गई।
वाहन पलटने से चार की मौत
गुमला जिले में एक शादी समारोह में जा रहे एक वाहन के पलट जाने से चार लोगों की मौत हो गई। घटना में 30 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। गुमला के पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारिब ने बताया कि दुर्घटना डुमरी इलाके में मंगलवार देर रात हुई। शादी समारोह में कई मेहमानों को लेकर जा रही पिकअप वैन पलट गई। एसपी ने बताया कि डुमरी में एक शादी समारोह में जा रही पिकअप वैन के पलट जाने से चार लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है। सोरेन ने एक ट्वीट में कहा, गुमला में सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत दुखद है।