- 29 से पूरी तरह लागू होगा आदेश, प्रतिबंधित होंगे गैर जिलों में पंजीकृत ई-रिक्शा व ऑटो
सख्तीः वाहन चलाने के लिए जरूरी दिशा निर्देश करने होंगे पूरे, नियम तोड़ा तो जुर्माना
नए नियमों को लेकर रिक्शा व ऑटो यूनियन वाले अड़े, जिला प्रशासन सख्त
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। ई-रिक्शा और ऑटो के लिए कलर जोन की नई व्यवस्था अब 23 अक्तूबर के बजाय 29 अक्तूबर से लागू होगी। इससे पहले इसके लिए पांच दिन का ट्रायल वीरवार से ही शुरू हो जाएगा। जिला प्रशासन से फोन पर बात करने के बाद इसे न मानने की जिद पर अड़े ऑटो व ई-रिक्शा एसोसिएशन ट्रायल के लिए तैयार है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि ट्रायल पूरा होने के बाद ही आगामी रणनीति तय करेंगे। फिलहाल वीरवार से सभी ट्रायल के लिए तैयार हैं। देखेंगे कि कितनी आय होती है।
बीते दिनों एसोसिएशन व जिला प्रशासन के बीच हुई बैठक में यह फैसला लिया गया था कि शहर को छह रंगों वाले जोन में बांटा जाएगा। इसके बाद गैर पंजीकृत ई-रिक्शा व ऑटो का संचालन बंद होगा। नए नियमों को लेकर एसोसिएशन नाराज है। लगातार इसका विरोध हो रहा है।
पांच दिन में पूरी कर लें औपचारिकताएं, फिर कटेगा चालान
पांच दिनों तक ट्रायल पर ऑटो, ई-रिक्शा चलेंगे। इस दौरान कलर कोटेड नंबर प्लेट लगाने और अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए कहा गया है। आरटीओ जम्मू जसमीत वीर ने कहा कि जिला प्रशासन ने आदेश जारी कर दिया है। इसे लागू करवाया जाएगा। नियम टूटने पर अब सीधा चालान कटेगा। पहले चालान नहीं काटे जा रहे थे। शहर में छह जोन बनाए गए हैं। इनमें मढ़, नगरोटा, जम्मू उत्तर, दक्षिण, आरएस पुरा और अखनूर शामिल हैं। एक जोन का ऑटो या ई-रिक्शा दूसरे जोन में नहीं चलेगा। यूनियन को स्पष्ट कर दिया गया है।
शहर में ई-रिक्शा, ई-ऑटो और ई-कार्ड जोन के हिसाब से चलाने के लिए 11 अक्तूबर को डीसी राकेश मन्हास ने आदेश जारी किया था। ट्रेफिक पुलिस भी सख्ती से लागू करने के लिए प्लान तैयार कर रही है। एसएसपी ट्रैफिक ने कहा कि सभी ई-रिक्शा और ई-ऑटो अपने आवंटित क्षेत्रों के भीतर ही चलेंगे।
फ्लाईओवर, राष्ट्रीय राजमार्गों और राज्य राजमार्गों पर संचालन पर रहेगा प्रतिबंधित
एसएसपी ने निर्देश दिए हैं कि ई-रिक्शा, ई-ऑटो व ई-कार्ट का संचालन फ्लाईओवर, राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग में प्रतिबंधित किया गया है। इसमें कुछ राजमार्गों पर इनकी क्राॅसिंग की मंजूरी दी गई है।
इन मार्गों पर चलने की मंजूरी
- अंबफला अस्पताल क्रॉसिंग से जिला जेल की ओर
- बख्शी नगर क्रॉसिंग पुराने शकुंतला थियेटर की ओर
- थिएटर (पीछे की ओर) क्रॉसिंग शालामार चिल्ड्रन हॉस्पिटल की ओर
- टेल एशिया क्रॉसिंग जिला पुलिस लाइन की ओर
- शास्त्री नगर श्मशानघाट क्रॉसिंग शिक्षा निकेतन स्कूल की ओर
- मार्बल मार्केट क्रॉसिंग ग्रेटर कैलाश की ओर
- कुंजवानी क्रॉसिंग ग्रेटर कैलाश की ओर शामिल है।
क्या होगा फायदा
- एक जोन से दूसरे जोन में न जाने पर चालकों के बीच होने वाला विवाद रुकेगा।
- सवारियों को एक जगह से दूसरे जगह जाने के लिए ऑटो सुविधा मिलेगी।
- पहले एक जोन से दूसरे जोन में जाने पर रात को ऑटो नहीं मिलते थे।
- किलो मीटर के हिसाब से चालक सवारियों से किराया लेंगे। मनमानी वसूली पर लगेगी रोक।
-
पांच दिन किया जाएगा ट्रायल, फिर बनेगी अगली रणनीति : गौरव
श्रीमाता वैष्णो देवी ई-रिक्शा, ई-ऑटो यूनियन के अध्यक्ष गौरव कपूर ने कहा कि पांच दिन का समय दिया गया है। इस दौरान ट्रायल पर आटो चलाए जाएंगे। इसके बाद आगामी कार्रवाई के लिए रणनीति बनाई जाएगी। फैसला 23 से लागू हो रहा था। इसे लागू करने के लिए तिथि को बढ़ाया गया है। डीसी और आरटीओ से दूरभाष पर बात हुई है।
इन रंगों की नंबर प्लेट व पट्टी में नजर आएंगे वाहन
क्षेत्र जोन नंबर प्लेट का रंग
ट्रैफिक सिटी जम्मू जोन-1 गुलाबी
ट्रैफिक सिटी उत्तर जम्मू जोन-2 नीला
अखनूर ग्रामीण जोन-3 पीला
आरएसपुरा, ग्रामीण जोन-4 लाल
मढ़, ग्रामीण जोन-5 हरा
नगरोटा, ग्रामीण जोन-6 काला