जम्मू। जम्मू में जिला विकास परिषद की 14 सीटों के लिए जारी आरक्षण ड्राफ्ट पर प्रशासन के पास 16 लिखित आपत्तियां पहुंची हैं। विभिन्न राजनीतिक पार्टियों ने महिलाओं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटाें को लेकर अपनी आपत्तियां दी हैं। सूत्रों के अनुसार सबसे अधिक आपत्तियां भाजपा और कांग्रेस की ओर से दाखिल की गई हैं।
उल्लेखनीय है कि 27 अक्तूबर को जारी आरक्षण ड्राफ्ट के अनुसार जिले में पांच निर्वाचन क्षेत्र महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं। इसके अलावा तीन निर्वाचन क्षेत्र अनुसूचित जाति (एससी), एक अनुसूचित जनजाति (एसटी) और पांच क्षेत्र अनारक्षित रखे गए हैं। इन पर 31 अक्तूबर तक लिखित में आपत्तियां और सुझाव मांगे गए थे।
जिला प्रशासन के पास पहुंची इन आपत्तियां को ग्रामीण विकास विभाग के पास भेजा गया है। इसमें संबंधित कमेटी संशोधन के बाद सीईओ द्वारा अंतिम सूची जारी की जाएगी। इससे पहले जिला उपायुक्त जम्मू की ओर से ड्राफ्ट अधिसूचना जारी की गई थी।
ड्राफ्ट अधिसूचना में अखनूर, अरनिया, डंसाल, मंडाल फ्लां और मीरां साहिब के लिए महिला आरक्षित सीटें रखी गई हैं। यानी जिले की 14 जिला विकास परिषद विधानसभा क्षेत्रों में 5 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी। जबकि ओपन सीटों में भी महिलाएं मैदान में उतर सकती हैं। जिससे परिषद विधानसभा क्षेत्रों में महिला सदस्यों की भागीदारी बढ़ेगी। सूत्रों के अनुसार आरक्षण के लिए आई आपत्तियों के बावजूद पहले के ड्राफ्ट को ही फाइनल किया जाना तय है।