जम्मू यूनिवर्सिटी में आगामी नवंबर माह से पांच दिवसीय 30वां नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल होने जा रहा है।
जम्मू यूनिवर्सिटी इस यूथ फेस्टिवल के लिए अभी से तैयारी में जुट गया है, क्योंकि देश के नार्थ जोन की 45 से 50 यूनिवर्सिटी के करीब इस यूथ फेस्टिवल में सम्मिलित होने जा रही हैं।
इनमें नार्थ जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड स्थित विश्वविद्यालय होंगे। इस की जानकारी जेयू कुलपति प्रो. मोहन पाल सिंह ईशर ने प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता तथा समृद्धि को जहां बढ़ावा मिलेगा, वहीं देश के नार्थ जोन के विभिन्न विश्वविद्यालयों के नवोदित तथा उदीयमान प्रतिभाओं की प्रस्तुति की झलक यूनिवर्सिटी में यूथ फेस्टिवल के दौरान देखने को मिलेगी।
यह नार्थ जोन 30वां इंटर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल आगामी सात से 11 नवंबर तक पांच दिनों तक आयोजित होगा। एसोसिएशन आफ इंडियन यूनिवर्सिटीज की ओर से इस पांच दिवसीय यूथ फेस्टिवल में नृत्य, संगीत, साहित्य, नाटक एवं फाइन आर्ट्स को लेकर 25 स्पर्धाएं होंगी।
ये स्पर्धाएं यूनिवर्सिटी कैंपस के विभिन्न सभागारों में होंगी। वहीं प्रतिस्पर्धाओं के लिए देश के कई विश्वविद्यालयों के अनुभवी न्याय मंडल सम्मिलित होंगे। यह तीसवां नार्थ जोन यूथ फेस्टिवल यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स मंत्रालय के वित्तीय सहयोग से हो रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना है।