जम्मू। परिवहन के क्षेत्र में प्रदेश के युवाओं को रोजगार देकर आत्मनिर्भर बनाने के लिए मिशन यूथ वित्त वर्ष 2021-22 में मुमकिन योजना से दो हजार युवाओं को जोड़ेगा। योजना के तहत इस वर्ष दो हजार युवाओं को सब्सिडी पर सार्वजनिक वाहन उपलब्ध करवाए जाएंगे। युवाओं को वाहन देने की कवायद जुलाई के पहले सप्ताह से शुरू होगी। प्रत्येक जिले में पांच से 10 युवाओं को योजना के साथ जोड़ा जाएगा। मिशन यूथ ने हर तिमाही में जिलों के लिए 70 वाहनों का कोटा भी तय किया है।
गौरतलब है कि 17 जून को सचिवालय में यूथ मिशन प्रशासकीय समिति की बैठक हुई थी। बैठक में उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने मुमकिन योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए कहा था। इसी कड़ी में मिशन यूथ ने सभी जिला उपायुक्तों को 26 जून तक ऑनलाइन आए आवेदनों की जांच कर उन्हे मंजूरी देने के लिए कहा है, ताकि लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जा सके।
-------
सभी जिलों में युवाओं को इस योजना के साथ जोड़ा जा सके, इसके लिए जिलों के लिए तिमाही कोटा तय किया है। इस पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन रखा गया है। इस तिमाही में 18 सौ से ज्यादा युवाओं ने आवेदन किया है, अब आवेदकों की जांच की जाएगी। युवाओं को परिवहन क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध करवाना इस योजना का उद्देश्य है।
- ताबिश सलीम, ऑफिसर इन स्पेशल ड्यूटी, मिशन यूथ