उत्तरी कश्मीर के सुंबल इलाके में तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म पर जारी हंगामे के बीच मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले से एक और नाबालिग से दुष्कर्म की खबर सामने आई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।
जिले के एसएसपी खलील पोसवाल ने बताया कि 12 मई की शाम को गांदरबल थाने में शिकायत मिली कि हर्रन इलाके में एक कथित दुष्कर्म की घटना हुई है। तत्काल एफआईआर दर्ज किए जाने के साथ ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।
20 मिनट के भीतर आरोपी आसिफ वानी को गिरफ्तार कर लिया गया। आसिफ कॉलेज का छात्र है, जो पीड़ित लड़की के घर के पास ही रहता है। बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट जांच के लिए भेज दी गई है।
कोर्ट में भी उसके बयान दर्ज करवा दिए गए हैं। आरोपी अभी पुलिस रिमांड पर है। एसएसपी ने बताया कि पीड़ित लड़की की उम्र 15 वर्ष के करीब बताई जा रही है।
इसकी जांच के लिए दस्तावेज मांगे गए हैं। आश्वस्त किया कि रमजान के पाक महीने में ऐसी घिनौनी हरकत को अंजाम देने वाले के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।