उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि युवा हमारे भविष्य के संरक्षक हैं और जम्मू-कश्मीर की प्रगति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं और खिलाड़ियों को अपने कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। यह मिशन भविष्य में भी जारी रहेगा। यह बातें उन्होंने बारामुला जिले में कई प्रमुख परियोजनाओं, किसानों के लिए सात कस्टम हायरिंग सेंटर और स्वयं सहायता समूहों के लिए नौ पॉली ग्रीन हाउस के उद्घाटन अवसर पर कहीं। इस मौके पर कई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।
उप राज्यपाल ने कहा कि आज जनता को समर्पित परियोजनाओं में न केवल बारामुला जिले बल्कि पूरे जम्मू कश्मीर में परिवर्तन लाने की क्षमता है। नरबल-तंगमर्ग सड़क के उन्नयन से संपर्क और मजबूत होगा। आकांक्षी जिला श्रेणी में बारामुला को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदत्त ''एक्सीलेंस इन पब्लिक सर्विस एडमिनिस्ट्रेशन'' पुरस्कार के लिए लोगों, जनप्रतिनिधियों, उपायुक्त और पूरे जिला प्रशासन को बधाई दी। यह आकांक्षी जिला पिछले कुछ वर्षों में खुद को आर्थिक महत्व के केंद्र में बदल चुका है।
बारामुला के नागरिकों ने लंबे समय से जिस गुणवत्ता का सपना देखा था, वह काफी हद तक पूरा हो रहा है। बारामूला के शेर मकबूल शेरवानी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उप राज्यपाल ने कहा कि यहां के युवा विभिन्न क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। इस मौके पर डीडीसी अध्यक्ष बारामूला सफीना बेग ने जिला बारामूला के विभिन्न विकासात्मक मुद्दों और मांगों पर प्रकाश डाला और उनके शीघ्र निवारण के लिए उपराज्यपाल के हस्तक्षेप की मांग की। वहीं, विजय कुमार बिधूड़ी, संभागीय आयुक्त कश्मीर ने भी जम्मू-कश्मीर केंद्रशासित प्रदेश के किसानों के जीवन में समग्र कृषि विकास कार्यक्रम के प्रभाव पर अपने विचार साझा किए। उपराज्यपाल ने इस अवसर पर लाभार्थियों को व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल और चिकित्सा सहायता भी वितरित की।
लोग शांति भंग करने वालों को करें अलग-थलग
उप राज्यपाल ने लोगों से उन तत्वों को अलग-थलग करने का आग्रह किया, जो शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने पीआरआई सदस्यों और सभी हितधारकों से समग्र कृषि विकास कार्यक्रम और सरकार के अन्य विकास प्रयासों के प्रभावी कार्यान्वयन में उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए आह्वान किया। कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि किसान संपर्क अभियान अधिक किसानों को लाभान्वित करे और बाद के हस्तक्षेपों से निरंतर विकास हो।
देश को वैश्विक महाशक्ति बनाने के लिए दें योगदान
उप राज्यपाल ने कहा कि भारत डिजिटल क्रांति, विकास में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के लिए तैयार है। हमें उच्च लक्ष्य रखना चाहिए और उत्कृष्टता के लिए एक वातावरण बनाना चाहिए, ताकि जम्मू-कश्मीर हमारे देश को वैश्विक महाशक्ति के रूप में बनाने के सपने को साकार करने में सामूहिक रूप से योगदान दे सके।