दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के रत्नीपुरा इलाके में मुठभेड़ में लश्कर के दो आतंकियों के मारे जाने के बाद अवंतीपुरा में हो रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाबलों की फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई। राज्य सरकार ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
अवंतीपुरा के पदगाम पुरा इलाके में प्रदर्शन कर रहे कुछ युवकों द्वारा सुरक्षाबलों के एक वाहन पर पत्थर बरसाए गए। इस पर उनकी ओर से फायरिंग कर दी गई। इसमें इलाके के एक युवक बिलाल अहमद भट को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
तुरंत उसे पब्लिक हेल्थ सेंटर (पीएचसी) अवंतीपुरा पहुंचाया गया लेकिन हालत नाजुक होने पर उसे श्रीनगर के श्री महाराजा हरि सिंह (एसएमएचएस) अस्पताल रेफर किया गया। घायल युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
उधर, राज्य सरकार के प्रवक्ता द्वारा जारी बयान में इस घटना की निंदा की गई है। उन्होंने बताया कि इस घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।
जो कोई भी दोषी पाया जाएगा, उसे कानून के तहत दंडित किया जाएगा। सरकारी प्रवक्ता ने बयान में दोहराया कि सुरक्षाबलों को किसी भी नागरिक को शारीरिक नुकसान से बचाने के लिए अधिकतम संयम बरतने को कहा गया है।