कश्मीर हमारे पूर्वज कश्यप ऋषि की भूमि है। कश्मीरी पंडित कहां रहेंगे, यह हम तय करेंगे अलगाववादी यासीन मलिक नहीं। यह बात विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने अमर उजाला से खास बातचीत में कही।
कश्मीरी पंडितों के मुद्दे पर पूछे गए सवाल का उत्तर देने की बजाए डॉ. तोगड़िया ने खुद सवाल उठाते हुए पूछा क्या 1990 में कश्मीरी पंडितों के घर जलाने वाले अलगाववादी यह तय करेंगे कि कश्मीरी पंडित कहां रहेंगे।
कई राज्यों में उनके प्रवेश पर पाबंदी के बारे में उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य में मेरे प्रवेश पर प्रतिबंध लग सकता है, लेकिन सोच पर प्रतिबंध लगाना मुमकिन नहीं है, क्योंकि सोच सभी दीवारों को फांदना जानती है।
पीडीपी को भाजपा समर्थन, आप कैसे देखते हैं?
प्रश्न : पीडीपी को भाजपा समर्थन, आप कैसे देखते हैं?
यह भाजपा की अपना फैसला है, लेकिन हिंदू अपना फैसला समय आने पर बता सकते हैं।
गौहत्या पर कैसे लगे प्रतिबंध?
हम चाहते हैं कि भारत सरकार संसद में गौ हत्या रोकने के लिए सख्त कानून लाए, ताकि कानून बनने के बाद एक साथ पूरे देश में प्रतिबंध लग सके। इस कानून पर खट्टर सरकार जो करने जा रही है, ऐसा कानून देशभर में लागू होना चाहिए।
गौमांस के कारोबारियों के तर्क पर क्या कहेंगे?
गौमांस के कारोबार से जुड़े लोग ये तर्क दे रहे हैं कि दूध देना बंद होने के बाद गाय को कौन खिलाएगा? गौ मांस के पक्ष में एक खास लॉबी पेड पीआर के माध्यम से ऐसा माहौल तैयार कर रही है, ताकि गौ हत्या पर सख्त कानून बनाने से पहले उन तथ्यों पर गौर किया जा सके।
आज भ्रामक प्रचार फैलाया जा रहा है कि देश में 36 हजार करोड़ का कारोबार मांस का है, क्या ये आंकड़े सचमुच सही हैं? क्या ये कारोबार केवल गौमांस का है? उन्होंने कहा कि ऐसे तथ्य पेड पीआर के माध्यम से मार्केट में फैलाए जा रहे हैं।