अलगाववादियों के लाल चौक चलो कॉल को ध्यान में रखते हुए सोमवार को श्रीनगर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। लाल चौक और आसपास के इलाकों में धारा 144 लागू की गई थी। लाल चौक जाने वाले रास्ते को सील कर दिया गया था। बटमालू इलाके में पथराव कर रही भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
जेकेएलएफ प्रमुख यासीन मलिक को हिरासत में लिया गया, जबकि हुर्रियत (एम) के चेयरमैन मीरवाइज उमर फारूक को नजरबंद कर दिया गया। लाल चौक चलो कॉल के चलते घाटी में जनजीवन प्रभावित रहा। दुकानें रोज के मुकाबले कम खुली और सड़कों पर यातायात भी कम दौड़ता दिखा।
इसके इलावा कई स्कूल और पेट्रोल पंप भी बंद रहे। इस बीच दोपहर को बटमालू इलाके में उस समय अफरातफरी मच गई, जब फायरिंग की आवाज सुनाई दी। लोग इधर-उधर भागते दिखे।