एक्स-रे स्क्रीनिंग सिक्योरिटी सिस्टम
- फोटो : Demo Pic.
बजट सत्र को देखते हुए विधानसभा परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के तगड़े प्रबंध किए गए हैं। परिसर में अतिरिक्त मोबाइल एक्स-रे स्क्रीनिंग सिक्योरिटी सिस्टम स्थापित किया जाएगा। इसके जरिये छोटे बैग तथा ब्रीफकेस और अन्य सामानों की जांच की जाएगी। इससे विधानसभा कांप्लेक्स की फुलप्रूफ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी।
विधानसभा अध्यक्ष कवींद्र गुप्ता ने बुधवार को नागरिक तथा पुलिस प्रशासन के साथ सुरक्षा की समीक्षा करते हुए कहा कि बजट सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में एडीजी सुरक्षा दिलबाग सिंह ने विधानसभा परिसर की सुरक्षा के लिए की गई तैयारियों का ब्योरा पेश किया।
उन्होंने बताया कि विधानसभा लॉबी में हाटलाइन की स्थापना भी शीघ्र कर दी जाएगी। एमएलए हास्टल, सर्किट हाउस तथा मंत्रियों के आवास की सुरक्षा की भी पुख्ता व्यवस्था की गई है। यह भी बताया गया कि सभी मंत्रियों, विधायकों के सुरक्षा कर्मियों तथा ड्राइवरों को ड्रेस में रहने तथा पहचान पत्र साथ रखने को कहा गया है।
डीजी फायर सर्विसेज आरएस सोढ़ी ने बताया कि अग्नि रोधक यंत्रों का परीक्षण कर लिया गया है। विधानसभा परिसर तथा एमएलए हॉस्टल में इसकी मुकम्मल व्यवस्था है। आईजी ट्रैफिक एसए वटाली ने सुचारु ट्रैफिक व्यवस्था का खाका प्रस्तुत किया।