आरएस पुरा। गांव कोटली अर्जुन सिंह में शहीद बाबा दीप सिंह की याद में वार्षिक विशाल दंगल का आयोजन किया गया। इसमें नामी पहलवानों ने जौहर दिखाए। पहला मुकाबला आरएस पुरा के काका पहलवान व जम्मू के मनजीत पहलवान के बीच हुआ जिसमें काका पहलवान ने जीत प्राप्त कर दंगल अपने नाम किया। दूसरे मुकाबले में आरएस पुरा के सेठी पहलवान ने आरएस पुरा के हमाम पहलवान को हराया। वहीं तीसरा मुकाबला जम्मू के बिल्ला पहलवान व आरएस पुरा के सोनू पहलवान के बीच हुआ जिसमें सोनू ने जीत हासिल की। मुख्य अतिथि जिला जम्मू गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगजीत सिंह जग्गा और दंगल कमेटी के सदस्यों ने विजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया।
जगजीत सिंह जग्गा ने युवाओं से अपील की कि नशे जैसी बुरी आदत से दूर रहें। सेवादार बाबा बरकत सिंह ने बताया कि बाबा दीप सिंह जी महाराज के शहीदी दिवस के मौके पर हर वर्ष गांव मे विशाल दंगल का आयोजन किया जाता है जिसमें कई राज्यों के पहलवान अपना जौहर दिखाते हैं। बाबा दीप सिंह जी महाराज के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा जी ने अपना जीवन दुखी लोगों के लिए समर्पित किया था। इस दौरान पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह चिब भी मौजूद थे। उन्होंने माथा टेका व शहीद बाबा दीप सिंह के जीवन पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर दंगल कमेटी के सदस्य बचन सिंह, यशपाल, सतपाल चौधरी, हरजीत सिंह, रघुवीर सिंह, सरपंच सुखदेव सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी मौजूद थे।