बिलावर। बिलाबर से सटे कोटी गांव में वीरवार को वार्षिक दंगल का आयोजन हुआ। इसमें पानीपत (हरियाणा) के पहलवान रमेश ने पठानकोट (पंजाब) के मनजीत को चित कर दंगल अपने नाम किया। दंगल में स्थानीय पहलवानों सहित पंजाब, हरियाणा व हिमाचल से आए पहलवानों हिस्सा लिया। दंगल में करीब 70 मुकाबले हुए। छोटी माली का मुकाबला कोटी गांव के गुलशन पहलवान और मल्हार जावेद के बीच हुआ। इसमें गुलशन ने अपने प्रतिद्वंदी को हराकर छोटी माली पर कब्जा किया।
बड़ी माली का मुकाबला पानीपत के रमेश और पठानकोट के मनजीत पहलवान के बीच हुआ। करीब आधा घंटा चले मुकाबले में रमेश ने माली पर कब्जा जमा लिया। बड़ी माली और छोटी माली के विजेता और उपविजेता रहे पहलवानों को आयोजकों ने नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। दंगल के पास एक मेले का आयोजन भी हुआ, जिसमें लोगों ने खूब खरीदारी की। इस अवसर पर दंगल कमेटी के सदस्य सुरजीत सुंबडिया, देवेंद्र सिंह, दीप सिंह, दलजीत सिंह, जयपाल सिंह, अरुण सिंह, जोगिंदर सिंह सहित अन्य कई मौजूद रहे।