राजोेरी, रियासी और रामबन को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी बुधल-माहोर-गूल मार्ग पर एसजीआई कंपनी और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की देखरेख में युद्धस्तर पर निर्माण कार्य चल रहा है।
यह सड़क सामरिक और आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण है और पीर पंजाल और चिनाब क्षेत्रों के बीच एक महत्वपूर्ण गलियारे के रूप में कार्य करती है। हालांकि बदोरा पुल स्थल पर बार-बार हो रही क्षति के कारण निर्माण कार्य में भारी बाधा आ रही है। पहाड़ियों से लुढ़कते भारी पत्थर बार-बार निर्माणाधीन संरचना से टकरा रहे हैं, जिससे निर्माण कार्य बेहद मुश्किल हो गया है।
अधिकारियों ने बताया कि बदोरा पुल का निर्माण कार्य कंपनी के लिए कठिन चुनौती बना हुआ है, क्योंकि नदी में अचानक आने वाली बाढ़ अक्सर स्थल पर किए गए काम को बहा ले जाती है। बाधाओं के बावजूद इस अंतर-जिला सड़क पर निर्बाध संपर्क बहाल करने की के लिए कार्यदायी एजेंसियां सुदृढ़ उपायों के साथ आगे बढ़ रही हैं।
स्थानीय लोगों ने आशा व्यक्त की है कि कार्य पूरा हो जाने पर सड़क और पुल से यात्रा में काफ़ी आसानी होगी और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही आपात स्थिति में महत्वपूर्ण सहायता भी मिलेगी। इससे राजोरी ज़िले के लोगों का रियासी और रामबन से सम्पर्क भी बना रहेगा।