जम्मू। जम्मू-कश्मीर में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की तैयारी की जा रही है। इस कड़ी में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के बैनर तले जम्मू-कश्मीर ट्रेड प्रोमोशन आर्गेनाइजेशन (जेकेटीपीओ) ने फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफआईसीसीआई) की महिला विंग एफआईसीसीआईएफएलओ के साथ महिला उद्यमिता के बढ़ावे के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
प्रासंगिक रूप से जेकेटीपीओ को केंद्र शासित प्रदेश में व्यापार संबंधी गतिविधियों और बुनियादी ढांचे के निर्माण, समर्थन और बढ़ावा देने के लिए शामिल किया गया है। एमओयू के लिए रितु सिंह चेयरपर्सन एफआईसीसीआईएफएलओ जेकेएंडएल और अंकिता कार (आईआरएएस) प्रबंध निदेशक जेकेटीपीओ ने उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के प्रमुख सचिव रंजन प्रकाश ठाकुर की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए। प्रमुख सचिव ठाकुर ने कहा कि सार्वजनिक और निजी उद्यमों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। दूरगामी एमओयू में सरकार द्वारा विभिन्न सक्षम नीतियों और योजनाओं के बारे में महिलाओं के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए कई क्षेत्रों में सहयोग की परिकल्पना की गई है। इसमें क्षमता निर्माण कार्यक्रमों के माध्यम से महिला उद्यमिता और पेशेवर उत्कृष्टता को बढ़ावा देने का वादा किया गया है।