शहर के खेवरा क्षेत्र में वीरवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक राहगीर द्वारा नाले में महिला का शव देखे जाने की सूचना मिली। मौके पर एएसपी शिव कुमार चौहान व एसएचओ यशपाल सिंह जम्वाल भी पहुंच गए। इसके बाद आगे की कार्रवाई शुरू की गई। करीब दो घंटे बाद मृतक महिला के पति और देवर जिला अस्पताल पहुंचे।
एएसपी के अनुसार मृतका के पति ने बयान में बताया है कि उसकी पत्नी पिछले कई वर्षों से मिरगी रोग से पीड़ित थी। जम्मू में उसका उपचार भी चल रहा था। करीब तीन दिन पहले जांच के लिए जम्मू भी लेकर गए थे। बुधवार की रात को जम्मू से वापस राजोरी पहुंचे। इस दौरान शहर के गुज्जर मंडी क्षेत्र में एक होटल में ठहरे। रात को खाना खाने के बाद वह सो गए।
सुबह करीब पांच बजे जब वह जगे, तो पत्नी को होटल के कमरे में नहीं पाया। पति के अनुसार उसने शहर की पुलिस चौकी में इसकी सूचना भी दी थी। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया। एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने संदिग्ध हालत में मौत का मामला दर्ज किया है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।