डोडा। जम्मू-डोडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अस्सर इलाके में कार के खाई में गिरने से महिला कांस्टेबल की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जीएमसी डोडा रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जम्मू-डोडा हाईवे पर बटोट क्षेत्र में सुबह साढ़े नौ बजे जम्मू से डोडा की ओर जा रही कार (जेके 02 सीसी-8873) अनियंत्रित हो कर 300 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके बेटे को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों, सेना और पुलिस ने मौके पर पहुंच कर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। दोनों को कार से निकाल कर पीएचसी अस्सर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल युवक को प्राथमिक उपचार देकर जीएमसी डोडा रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मृतक महिला की पहचान बबीता मनहास पत्नी कृष्ण बनारसी निवासी कोटा, तहसील गंदोह मौजूदा समय में साईं नगर, त्रिकुटा नगर (जम्मू) और युवक की पहचान रेहान बनारस (11) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।