रियासी। जिले में रविवार अलसुबह हुई झमाझम बारिश से तूफान से जहां गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है वहीं, पेड़ गिरने और बिजली गुल रहने से दिनभर दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा है।
रविवार सुबह चार बजे के करीब मौसम का मिजाज एकदम से बदल गया और बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ ही झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस दौरान वार्ड 11, 13, सीला, माडी और तरेंथा में पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके बाद बिजली सुबह 11 बजे बहाल हो पाई है। तेज बारिश से कई स्थानों पर जलभराव होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
जल निकासी नहीं होने से चिनाब पुल पर भी जलभराव होने से चालकों को गुजरने में काफी परेशानी हुई। बारिश के बाद दरिया के जलस्तर भी बढ़ोतरी हुई है। बारिश से रविवार को तापमान में काफी गिरावट आई है और दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं।