कश्मीर संभाग के साथ-साथ जम्मू संभाग के विंटर जोन के अंतर्गत आने वाले स्कूलों की शीतकालीन छुट्टियां एक सप्ताह के लिए खराब मौसम के चलते बढ़ा दिया गया है।
कश्मीर संभाग के स्कूली शिक्षा विभाग के निदेशक शौकत अहमद बेग ने बताया कि 23 फरवरी को सभी स्कूल शीतकालीन छुट्टियों के बाद खुलने थे, लेकिन अब इन छुट्टियों में एक सप्ताह की बढ़ोतरी की गई है।
बेग के अनुसार हायर सेकेंडरी तक सभी स्कूल अब दो मार्च को खुलेंगे। यह निर्णय मौसम विभाग द्वारा जारी की गई खराब मौसम की भविष्यवाणी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
वहीं खराब मौसम के अलावा घाटी में तेजी से फैल रहे एच1एन1 वायरस ने भी अभिभावकों में चिंता पैदा कर दी थी। उनके द्वारा छुट्टियों को बढ़ाने की मांग की जा रही थी।