प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 अप्रैल को कटड़ा के ककरयाल में 230 बेड वाले श्री माता वैष्णो देवी नारायणा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को लोकार्पण करेंगे। पीपीपी मोड पर 300 करोड़ की लागत से तैयार इस अस्पताल में आम जन की पहुंच में कम खर्चे पर अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
कामकाजी तथा गरीब जनता को ध्यान में रखकर यहां उनकी पहुंच में इलाज मिलेगा। इस इलाके के लोगों को चिकित्सा सुविधा के लिए अब दिल्ली या चंडीगढ़ जाने की भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।
श्राइन बोर्ड गवर्निगिं बाडी के चेयरमैन डा. एसएस बलोरिया, सदस्य एवं योजना विभाग के वित्त आयुक्त बीबी व्यास, नारायणा अस्पताल के चेयरमैन डा. देवी प्रसाद शेट्टी तथा बोर्ड के सीईओ अजीत कुमार साहु ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में बताया कि अस्पताल में बीस स्पेशलिटी की चिकित्सा दी जाएगी।
इसमें मेडिसन व सर्जरी, कार्डियोलाजी, कार्डियो थैरेसिक सर्जरी, न्यूरोलाजी, न्यूरो सर्जरी, नेफ्रोलाजी, यूरोलाजी, आंकोलाजी, श्वांस रोग, बोन मैरो ट्रांसप्लांट, गेस्ट्रोलाजी, आर्थोपेडिक्स, ट्रामा मेडिसिन, पेडियाट्रिक्स, नियोनेटोलाजी, स्त्री रोग आदि शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में ज्वाइंट रिप्लेसमेंट तथा अंग प्रत्यारोपण की भी सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि उनका किसी बड़े अस्पताल से कतई मुकाबला नहीं है। कोशिश केवल सामान्य जन को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में लीनियर एक्सीलेटर, गामा कैमरा, एमआरआई, सीटी स्कैन, कैथ लैब, इंडोस्कोपी, ब्रांकोस्कोपी, डायलसिस यूनिट भी स्थापित है।