रियासत में चार अप्रैल से सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते 5 और 6 अप्रैल को जम्मू तथा कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग श्रीनगर ने इन दो दिन में दोनों स्थानों के संभावित इलाकों के साथ श्रीनगर-लेह (जोजिला) हाईवे पर भूस्खलन और हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।
मंगलवार शाम से ही मौसम अपना रंग दिखाना शुरू कर देगा। खराब मौसम की जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मार पड़ सकती है। अगले चौबीस घंटों में भी कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। पिछले कई दिन से मौसम साफ रहने के कारण जम्मू और कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में दिन का पारा सामान्य से 8 से 11 डिग्री ऊपर चल रहा है। सोमवार को भी गर्मी से कोई राहत नहीं मिल पाई। आगामी दिनों में खराब मौसम को देखते हुए कश्मीर के जिला प्रशासनों को जरूरी प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं।
खराब मौसम का असर सात अप्रैल तक रहेगा। इसमें जम्मू प्रभावित ज्यादा होगा। जम्मू में सोमवार को दिन का पारा सामान्य से तीन डिग्री चढ़कर 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में तापमान छह डिग्री चढ़कर 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा। कटड़ा में भी तापमान पांच डिग्री चढ़कर 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा।