जम्मू में बादलों के बीच तवी पुल से गुजरती युवती। अमर उजाला
- फोटो : SHRINAGAR
जम्मू। पश्चिमी विक्षोभ के चलते रविवार को जम्मू-कश्मीर में मौसम बिगड़ गया। कश्मीर के कई जिलों में बारिश हुई। जम्मू संभाग में आसमान में बादल छाए रहे। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने छह और सात अप्रैल को प्रदेश में भारी बारिश और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर की तरफ से जम्मू, कश्मीर व लद्दाख के मंडलायुक्तों को सलाह जारी कर कहा गया है कि कश्मीर संभाग के गुलमर्ग, सोनमर्ग, बारामुला, बांदीपोरा, कुपवाड़ा, शोपियां, काजीगुंड और बनिहाल व जम्मू संभाग के पीरपंजाल रेंज, लद्दाख के जंस्कार और द्रास में चार और पांच अप्रैल को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। छह और सात अप्रैल को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी गई है। इस वजह से जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे के अलावा जोजिला पास, लेह मनाली हाईवे, तापमान में गिरावट और कृषि व बागवानी के कार्य प्रभावित होने की आशंका प्रकट की गई है। वहीं मौसम की बात करें तो कश्मीर संभाग के काजीगुंड और गुलमर्ग में रविवार को 0.2 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई। अधिकतर जिलों में तापमान सामान्य से कम दर्ज हुआ। जम्मू में अधिकतम तापमान 31.3 और कटड़ा में अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।