आरएस पुरा। अब गर्मी में हो रही बढ़ोतरी के साथ लू लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन रही है। एक सप्ताह से तापमान में हो रही बढ़ोतरी से तेज धूप से लोग परेशान हैं। पशुओं के लिए पानी का संकट है।
धूप के साथ दोपहर में लू का असर बढ़ने से आवागमन में लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कस्बों से गांव तक दोपहर में इक्का-दुक्का लोग ही सड़क पर नजर आ रहे हैं। बाजार में पूरे दिन सन्नाटा रहता है। शाम को चहल-पहल दिखती है। बहुत जरूरी होने पर ही दिन में लोग घरों से निकल रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों व प्रमुख चौराहों पर शाम के वक्त ही लोग खरीदारी वह अन्य कामों के लिए पहुंच रहे हैं। सबसे अधिक समस्या खेती कार्यों में है। इस समय गेहूं की कटाई का समय है और दिन में तेज धूप होने पर सुबह और शाम को ही यह कार्य हो पा रहा है। किसानों के साथ ही मजदूरों के लिए भी दिन में काम करना मुश्किल हो गया है। इस मौसम में जरा सी लापरवाही में तबीयत खराब होने का डर बना हुआ है।
दूसरी ओर स्कूलों में जाने वाले छोटे बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। मौसम के असर के चलते बच्चों में पानी की कमी और वायरल की समस्या सामने आ रही है। मौसम के नकारात्मक प्रभाव से बचने के लिए चिकित्सक लोगों को खानपान को लेकर सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। तेल-मसाले से बने हुए पदार्थों को बचने की सलाह के साथ शरीर में पानी की कमी ना हो इसके लिए नियमित अंतराल पर पानी पीते रहने की सलाह दी गई है।