- बारिश का कहर : कालीजनी में मकान में फंसे पिता-बेटे व दादी को किया रेस्क्यू
- पंजतीर्थी में जर्जर इमारत का बाहरी हिस्सा और एक मकान की दीवार गिरी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर में मंगलवार रात से लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। पुराने शहर के कालीजनी और पंजतीर्थी इलाकों में तीन मकान गिर गए। कालीजनी में बुधवार सुबह एक मकान गिरने से तीन लोग इसके भीतर करीब छह घंटे तक फंसे रहे, जिन्हें रेस्क्यू कर निकाला गया। पंजतीर्थी में एक जर्जर इमारत का हिस्सा और एक अन्य मकान की दीवार गिर गई। इन घटनाओं से पूरे इलाके में डर बन गया।
सुबह करीब साढ़े सात बजे कालीजनी मोहल्ले में एक पुराना मकान भर-भराकर गिर गया। मकान के बाहर खड़ी स्कूटी मलबे में दब गई और पास की दुकान का बाहरी हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। मलबे से गली पूरी तरह बंद हो गई और लोगों की आवाजाही रुक गई। मकान मालिक अनमोल बहल ने बताया कि उस वक्त वह, उनके पिता रमन कुमार और दादी घर के भीतर थे। मकान का बाहरी हिस्सा गिरते ही तीनों कमरे में फंस गए और बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। घटना के करीब आधे घंटे बाद ही राहत और बचाव कार्य शुरू हो गया और करीब 11:30 बजे घर का रोशनदान तोड़कर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
प्रशासन पर लगाया अनदेखी का आरोप
अनमोल ने बताया कि मकान काफी समय से जर्जर हालत में था। हम कई बार प्रशासन को इसकी जानकारी दे चुके थे। दस दिन पहले भी शिकायत दी थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अगर प्रशासन समय पर ध्यान देता तो आज यह हादसा नहीं होता। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक युद्धवीर सेठी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तुरंत बचाव अभियान शुरू करवाया और अधिकारियों को दिशानिर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यह बेहद गंभीर मामला है। इसकी पूरी जानकारी डीसी को दूंगा और सुनिश्चित करूंगा कि ऐसे जर्जर मकानों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई हो।
-
पंजतीर्थी में कई अन्य मकान भी जर्जर
पंजतीर्थी के गली कूचा नाहर सिंह में भी सुबह करीब 11:30 बजे एक तीन मंजिला मकान का बाहरी हिस्सा गिर गया। यह मकान वर्षों से खाली था और इसमें कोई नहीं रह रहा था। पड़ोसियों ने बताया कि यह इमारत कस्टोडियन विभाग की थी और लंबे समय से खंडहर बनी हुई थी। घटना से गली भी बंद हो गई। इसी गली में एक और पुराने मकान की दीवार भर-भराकर गिर गई। गनीमत रही कि इन दोनों घटनाओं में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में कई और मकान जर्जर हालत में खड़े हैं और कभी भी हादसा हो सकता है।