अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहरभर में लगातार नाैवें दिन भी पानी के संकट का सामना करना पड़ा। लोग टैंकरों और ट्यूबवेल से पानी आपूर्ति के लिए आश्रित रहे। बिजली की आंख-मिचौनी से पेयजल संकट पूरा दिन गहराया रहा। तवी नदी में जलस्तर बढ़ने से पानी स्टोरेज टैंकों में आपूर्ति बाधित रही।
फिल्टरेशन प्लांट भी बंद रखे गए। जलशक्ति विभाग ने शहरभर में टैंकरों से आपूर्ति की। कंपनी बाग और नरवाल में टैंकर पानी के लिए आते रहे। करीब चार लाख की आबादी परेशान रही।
इन जगहों में रही ज्यादा किल्लत : पुराने शहर के पंजतीर्थी, जैन बाजार, पीरखो, जुलाका मोहल्ला, लखदाता बाजार, पुरानी मंडी, मोती बाजार सहित कई इलाकों में पानी का संकट रहा। लोगों के अनुसार मंगलवार को 10 मिनट आपूर्ति हुई थी। बुधवार को पानी नहीं आया है। इस कारण रोजमर्रा के काम प्रभावित हुए हैं। तालाब तिल्लो के भवानी नगर, रमा लेन, सिडको लेन, गोल पुली इलाकों में भी समस्या बरकरार रही। सुबह दस से 15 मिनट पानी की आपूर्ति हुई। बिजली गुल होने के बाद पानी बंद हो गया। रिहाड़ी, बन तालाब, मुट्ठी, न्यू प्लाट इलाकों में भी पानी नहीं आया है।
यहां भी नहीं आया पानी : गंग्याल, सारिका बिहार, कुंजवानी, बंधुरख सहित अन्य इलाकों में लोगों को पानी की आपूर्ति नहीं हुई। बारिश से यहां पर भारी नुकसान हुआ है। लोग पानी आने का इंतजार करते रहे। टैंकरों के माध्यम से पानी दिया गया है।