शहर में भी करीब 10 घंटे के बाद बहाल हुई बिजली, आम की फसल को पहुंचा नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। सीमांत क्षेत्र में शनिवार रात को आंधी आने से कई पेड़ और बिजली के खंभे टूट गए। इससे कई गांवों की बिजली ठप हो गई, जो रविवार शाम तक भी बहाल नहीं हो सकी। अखनूर कस्बे में भी बिजली की आपूर्ति आठ से 10 घंटे बाद बहाल हुई। वहीं, आम की फसल को नुकसान पहुंचा है।
शनिवार को आई आंधी ने जो तबाही मचाई, उसका मंजर रविवार सुबह देखने मिला। तेज हवाएं चलने के बाद ज्यादातर इलाकों की बिजली रात में ही बंद हो गई थी। चौकी चौरा, मैरा मेंदरिया, चनी, टांडा, सौहल सहित अन्य क्षेत्रों में बिजली के करीब 50 खंभे क्षतिग्रस्त होने से बिजली की आपूर्ति ठप हो गई, जिसका रविवार देर शाम तक मरम्मत कार्य जारी रहा। इसके बाद भी कई गांवों में बिजली बहाल नहीं हो सकी। ग्रामीण सोहन लाल का कहना है कि आंधी से आम की फसल को भी नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा आम की फसल को नुकसान मैरा मेंदरिया, सुंगल, सौहल में हुआ।
ग्रामीण सूरज कुमार ने बताया तेज हवाओं से ऐसा लग रहा था जैसे सब कुछ क्षतिग्रस्त हो जाएगा। हवाओं से बिजली के खंभे उखड़ गए हैं और बिजली आपूर्ति कई क्षेत्रों में ठप पड़ी हुई है। इसके अलावा बड़ी संख्या में पेड़ और पौधे भी उखड़ गए हैं।
-
गत रात्रि आंधी से बिजली के ढांचे को नुकसान पहुंचा है। कुछ क्षेत्रों में बिजली के खंभे उखड़ गए थे, मगर बिजली की आपूर्ति शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है।
- शंकरा सिंह, एईई, बिजली विभाग